कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पिता आंखों के सामने टूटा दम
जीरकपुर 10 Feb : ढकोली–डेराबस्सी रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा तब हुआ, जब पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिर गया और कार उसे कुचलते हुए आगे निकल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हर्ष बावा (22) के रूप में हुई है। वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल पर ढकोली से डेराबस्सी की ओर जा रहा था। खास बात यह रही कि हादसे के समय उसका पिता भी किसी अन्य वाहन पर उसके पीछे-पीछे आ रहा था और उसकी आंखों के सामने ही यह दर्दनाक घटना घट गई।
यह हादसा गांव नगला में गुरुद्वारा साहिब से करीब 100 गज पीछे हुआ। पुलिस ने बताया कि कार चालक की पहचान सोहन सिंह के रूप में हुई है। कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी, जिससे हर्ष सड़क पर गिर पड़ा और कार उसके ऊपर से गुजर गई। हादसे में हर्ष के सिर में गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को सिविल अस्पताल, ढकोली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, डेराबस्सी के शवगृह में रखवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।