डेराबस्सी 09 Feb : जीबीपी रोज़वुड में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में मंदिर समिति की ओर से 9वां स्थापना दिवस पूरे श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह हवन-पूजन से हुई, जिसमें पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर लोक-कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत सोसायटी की कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए और राधा-कृष्ण की महिमा का गुणगान किया गया।
मंदिर समिति के चेयरमैन व सदस्यों ने बताया कि स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य संगत को धर्म, सेवा और आपसी भाईचारे से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मंदिर लगातार सामाजिक व आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवदारों ने पूरी निस्वार्थ भावना से सेवा निभाई। स्थानीय निवासियों ने मंदिर समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में शांति, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।