लुधियाना/यूटर्न/12 अगस्त। लुधियाना के पॉश इलाके बाड़ेवाल में पार्क में सैर करने गई एक महिला द्वारा तीन महिलाओं पर मारपीट करने और धमकियां देने का आरोप लगाया गया है। थाना सराभा नगर पुलिस ने दलजीत नगर बाड़ेवाल 12-ए की बलविंदर कौर की शिकायत के आधार पर बाड़ेवाल ग्रीन एवेन्यू 8-ए की वीरां पासी, न्यू अग्र नगर ग्रेवाल स्ट्रीट की शारूती आचारियां और न्यू अग्र नगर की नीरज शर्मा के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता बलविंदर कौर ने बताया कि उनके घर के पास पार्क है। इस पार्क में रोजाना कुछ महिलाएं सैर करने के लिए आती हैं। इनमें कुछ महिलाएं पिछले 2-3 महीनों से ही सैर करने के लिए पार्क में आ रही हैं। 5 अगस्त को वह भी पार्क में सैर करने के लिए गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पार्क में उसे आंटी तेजिंदर कौर सैणी मिलीं और दोनों सैर करने लगीं। इसी दौरान पार्क में योग कर रही महिलाओं में से वीरां पासी, शारूती आचारियां और नीरज शर्मा उसके पास आ गईं। महिला का आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। फिर उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं। घटना के बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
---