सेक्टर-17 प्लाजा में शुरू हुए तिरंगा मेले में देशभक्ति के साथ स्थानीय प्रतिभा, महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली। मेयर सौरभ जोशी ने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का दौरा कर उनके उत्पादों की सराहना की। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि यह आयोजन सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने का अवसर है। मेला 14 अगस्त तक आम लोगों के लिए जारी रहेगा।
चंडीगढ़ : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से सेक्टर-17 प्लाजा में बुधवार को तीन दिवसीय तिरंगा मेले का शुभारंभ किया गया। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने मेले का उद्घाटन किया। यह मेला 12 से 14 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।
मेले में नगर निगम, स्थानीय उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और मार्केट एसोसिएशन की भागीदारी रही। मेयर ने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉल का दौरा किया। स्टॉल को तिरंगे की थीम पर सजाया गया था, जहां महिलाओं ने तिरंगा थीम पर आधारित हस्तनिर्मित उत्पादों सहित विभिन्न सामान प्रदर्शित किए।
इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप मिलना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की।
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, IAS ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा मेला देशभक्ति के साथ स्थानीय प्रतिभा, महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने का मंच है।
कार्यक्रम में ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. हिमांशु गुप्ता, चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा, पार्षद हरजीत सिंह व सचिन गलाव, चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा सहित मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।