स्वतंत्रता दिवस से पहले मोहाली में पुलिस का सुरक्षा प्लान सख्त कर दिया गया है। डीजीपी गौरव यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तीन जिलों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संभावित खतरों से निपटने के लिए आतंकवाद विरोधी तैयारियां मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और हर सूचना को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
मोहाली : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मोहाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। मंगलवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मोहाली पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने समारोह स्थलों के आसपास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीजीपी ने रूपनगर रेंज के अधिकारियों के साथ मोहाली, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जिलों की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोह के दौरान पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। संभावित खतरों को देखते हुए आतंकवाद विरोधी तैयारियों को भी मजबूत रखने को कहा गया।
बैठक के बाद डीजीपी ने फील्ड अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से संवाद किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए। एसएचओ और फील्ड अधिकारियों को स्थानीय लोगों से बेहतर तालमेल रखने और सूचनाओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद डीजीपी ने पटियाला रेंज की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। बैठक में डीआईजी नानक सिंह, एसएसपी मोहाली हरमनदीप हंस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।