भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा, कार्यकर्ताओं में जोश भरने की तैयारी
लुधियाना (दिनेश मौदगिल) : पंजाब विधानसभा चुनावों के मध्यनजर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 21 व 22 जून को पहली बार लुधियाना आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु,प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन,उपाध्यक्ष जतिंदर मित्तल,कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लुधियाना दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है और उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का कार्य करेगा। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश, जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों तथा मंडलों/सर्कलों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।