लुधियाना/यूटर्न/18 जून। लुधियाना पंज पीर रोड स्थित सूरिया विहार में जैन मंदिर में घुसकर दो अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी कर डाली। चोर मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति, पूजा के बर्तन, गल्ले में रखा कैश और सीसीटीवी का डीवीआर ले गए। थाना पीएयू की पुलिस ने सुधीर जैन के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार जैन मंदिर की देखरेख श्री शरियांस वल्लभ जैन सेवा सोसाइटी द्वारा की जाती है। सोसाइटी के प्रधान सुधीर जैन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात के समय दो अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने मंदिर में घुसकर भगवान की एक कीमती चांदी की मूर्ति, पूजा-अर्चना में इस्तेमाल होने वाली 20 चांदी की प्लेटें, 20 छोटी चांदी की कटोरियां और 4 बड़े कटोरे चोरी कर लिए। इसके अलावा उन्होंने मंदिर की गोलक तोड़कर उसमें रखी करीब 10 से 15 हजार रुपए की नकदी भी निकाल ली।
डीवीआर भी चुरा ले गए चोर
शातिर चोरों को पता था कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। अपनी पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने मंदिर के अंदर लगा डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। एएसआई अमरीक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
----