पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को किया गिरफ्तार
चंडीगढ़/फिरोजपुर (Narendra Singh Danu) : पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फिरोजपुर दुकानदार हत्याकांड के दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं और वारदात के बाद जम्मू-कश्मीर में छिपे हुए थे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरतपुर के रूपबास निवासी विष्णु कुमार और कोटा के अनंतपुरा निवासी राहुल महावर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से .30 बोर की बेरेटा पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 1 जून को फिरोजपुर के मखू क्षेत्र में गाबा जनरल स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह गाबा की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी विष्णु कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें जबरन वसूली, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। उस पर राजस्थान पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ था।
एजीटीएफ के एडीजीपी प्रमोद बान के अनुसार, वारदात के बाद डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में ‘हिल ट्रैप’ नाम से विशेष ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान मिली खुफिया जानकारी के आधार पर टीमों ने जम्मू-कश्मीर में संभावित ठिकानों पर नजर रखी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को जम्मू-कश्मीर के कूद्द थाना क्षेत्र में पतनीटॉप-कुड़ रोड पर लगाए गए नाके के दौरान पकड़ा। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।
फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि अब पुलिस वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी है। हमले की योजना बनाने, फंडिंग करने और सहयोग देने वाले अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।