काउंट-डाउन : 15 अगस्त को शुरु होंगे आम आदमी क्लीनिक BY utrun / August 09, 2022 लुधियाना/यूटर्न/9 अगस्त। स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा आम आदमी क्लीनिक खोले जा रहे हैं, इनमें से 75 क्लीनिक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरु कर दिए जाएंगे। लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने फोकल प्वाइंट में बन रहे क्लिनिक का दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ एसएमओ डॉ.गुरप्रीत कौर, पीडब्ल्यूडी के जेई राज कुमार, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। विधायक भोला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर कहा कि 11 अगस्त तक क्लिनिक का काम हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि फोकल प्वाइंट में आम आदमी क्लिनिक खुलने से पूर्व निर्वाचन क्षेत्र के अलावा राजीव गांधी कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, शेरपुर के निवासियों को इसका विशेष तौर पर लाभ मिलेगा। साथ ही जानकारी दी कि पहले चरण में लुधियाना जिले में कुल 9 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए जाएंगे, जिनमें 6 लुधियाना शहर में हैं। विधायक भोला ने कहा कि प्रदेश में सीएम भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को एक-एक करके पूरा किया जा रहा है। मसलन, 15 अगस्त को प्रदेश के 117 विधानसभा क्षेत्रों में 75 आम आदमी क्लीनिक खोले जा रहे हैं।

s