कूरियर सर्विस संचालक बने नशा सप्लायर, जालंधर में एक गिरफ्तार, 2 किलो अफीम बरामद
 
BY utrun / March 26, 2024
यूके में रहता है गिरोह का मुखिया, वहीं से चलता था नेटवर्क
 
जालंधर/यूटर्न/24 मार्च। नशा सप्लायर लगातार पंजाब में अपने पैर पसारते जा रहे हैं। पहले तस्कर बिना किसी को बताए कूरियर में छिपाकर विदेशों में नशा सप्लाई करते थे। लेकिन अब कूरयिर संचालक ही खुद तस्कर बनकर कूरियर के जरिए नशा विदेशों में सप्लाई कर रहे हैं। जालंधर सिटी पुलिस द्वारा ब्रेक किए गए इंटरनेशनल अफीम तस्कर गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब दो किलो अफीम बरामद हुई है। आरोपी कूरियर सर्विस की मदद से विदेशों में अफीम की सप्लाई देते थे। इस केस में पुलिस अब तक करीब दस नशा तस्करों को गिरर कर चुकी है और कुल 29 किलो अफीम बरामद हुई है। जालंधर सिटी के सीआईए स्टाफ इंचार्ज सुरिंदर सिंह कंबोज की देखरेख में ये सारी कार्रवाई की गई। सीआईए स्टाफ इंचार्ज सुरिंदर सिंह कंबोज ने बताया कि इसी महीने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था। उसी केस की जांच के बाद पुलिस ने गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। जो कि कूरियर सर्विस में काम करता था। उसके पास से 2 किलो अफीम बरामद हुई है।
तीन साल में विदेश भेज चुके दो क्विंटल अफीम
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिछले तीन साल से सक्रिय थे और करीब दो क्विटल अफीम विदेश भेज चुके हैं। सबसे प्रमुख मनीष उर्फ मनी ठाकुर इस गिरोह का मेन लीडर है। जोकि यूके में रहता है। उन्होंने बताया कि झारखंड से होशियारपुर और जालंधर के कूरियर संचालकों को अफीम भेजी जाती थी और फिर इसे विदेशों में भेजा जाता था।
होशियारपुर का मोबाइल विक्रेता भी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में होशियारपुर का मोबाइल शोरूम संचालक अमन, जालंधर का रहने वाला सन्नी और टांडा के रहने वाले शेजल भी इसी केस में पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। अमन का होशियारपुर में एक पॉश कॉलोनी में एक आलीशान घर है। सन्नी जालंधर में कूरियर कंपनी चलाता था और शेजल डिलीवरी को मुकम्मल करवाता था। बता दें कि इसी केस में पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात 6 कस्टम अधिकारियों को भी नामजद किया था।

s