कांग्रेस हार के कारणों पर करेगी मंथन, वड़िंग ने कहा- हमारे वोटरों को डराया; 12 प्रतिशत वोटिंग कम होने से हारे

BY utrun / May 14, 2023
जालंधर/यूटर्न/14 मई। पंजाब कांग्रेस ने अपने गढ़ जालंधर के उपचुनाव में मिली हार के बाद रविवार को पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस हार की जिम्मेदारी ली। लेकिन पार्टी की हार का कारण कांग्रेस के वोटरों को पंजाब पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा डराना-धमकाना बताया।
वड़िंग ने जालंधर उपचुनाव में पंजाब कांग्रेस की हार का कारण 12 प्रतिशत कम पोलिंग वोट होना बताया। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस को भारी नुकसान हुआ। यदि ऐसा न होता तो पंजाब कांग्रेस चुनाव जीत सकती थी। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के वोटरों को पुलिस द्वारा, नोटिस के जरिए व अन्य तरीकों से बुला-बुला कर उनकी इन्क्वायरी खुली होने का डरावा दिया गया। इसी कारण कारोबारी/व्यापारियों ने अपनी वोट नहीं डाली और पोलिंग वोट कम होने पर पंजाब कांग्रेस को हार मिली।
केजरीवाल ने मंच से किया इशारा
राजा वड़िंग ने कहा कि AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंच से लोगों को कहा कि सरकार के 4 साल पड़े हैं। ऐसे में काम के लिए किसके पास जाओगे, आना तो हमारे पास ही पड़ेगा। इस कारण वड़िंग ने कारोबारी व अन्य वोटरों के यहां-वहां होने की बात कही। इसके अलावा पंजाब की मान सरकार पर भारी-भरकम कर्ज होने की बात कहते हुए पंजाबियों से धोखा किए जाने की बात कही।
पंजाब के लोगों को एक महीने पहले डराया गया
राजा वड़िंग ने कहा कि जालंधर उपचुनाव से करीब एक महीने पहले खेल खेला गया। कारोबारियों को खालिस्तान के नाम से डराया गया। पंजाब के लोगों में खलबली पैदा की गई। बॉर्डर से कुछ आने, अमृतसर में तीन धमाकों की घटना सामने आई। यह सबकुछ करवा कर लोगों को पंजाब के हालात खराब होने की अफवाह से डराया गया। बावजूद इसके भाजपा की जमानत जब्त हुई है। साल 2024 में कांग्रेस पार्टी का परचम दोबारा लहराया जाएगा।
AAP की चुनावी हार के आंकड़े बताए
राजा वड़िंग ने कहा कि कनार्टक चुनाव में 224 में से 135 सीटें अकेले कांग्रेस जीती। वहीं, AAP ने राष्ट्रीय पार्टी होने पर बड़े-बड़े दावे किए थे। लेकिन कनार्टक चुनाव में AAP का खाता 0.58 प्रतिशत रहा, एक प्रतिशत से भी कम वोट पड़ी। CM भगवंत मान ने कर्नाटक में जिस जगह रोड शो किया, वहां भी AAP को करीब 384 वोट पड़ी हैं।

s