बसें बंद होने पर लोगों ने सड़कों पर घेरी बसें, कंडक्टरों की लगाई क्लास

BY utrun / April 04, 2023
समराला/यूटर्न/4 अप्रैल। लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे पर पड़ते नीलों पुल पर नया फ्लाईओवर बनने के बाद सरकारी और प्राईवेट बस चालकों द्वारा यहां पर बसें रोकनी बंद करने के बाद मामला आज गरमा गया। दरअसल गांवों के लोगों ने किसान यूनियन की मदद से आज नीलो पुल पर सुबह से ही बसों को घेरना शुरू कर दिया। लोगों के आरोप थे कि जबसे फ्लाईओवर बना है, बस वालों ने यहां से सवारियां लेना बंद कर दिया है, जिस कारण उन्हें खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मामला विधायक समराला, डिप्टी कमिशनर लुधियाना और जनरल मैनजेर पंजाब रोडवेज के ध्यान में कई बार लाया गया मगर अधिकारियों की हिदायतों के बाद थोड़ी देर के लिए यहां बसें रुकती और फिर से हालात वही हो जाते हैं। 
लोगों ने कहा कि बस कंडक्टरों द्वारा पिछले कुछ दिनों से नीलों पुल पर उतरने वाली महिलाओं को जलील किया गया और उन्हें कई किलोमीटर पीछे ही उतार दिया गया। गत दिवस भी एक प्राइवेट बस कंडक्टर द्वारा ऐसा ही किया गया, जिसके बाद भड़के गांव वासियों ने उक्त स्थान पर बसों को घेरना शुरू कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया गया। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस फोर्स के साथ डी.एस.पी. समराला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला और लोगों को आश्वासन दिया गया कि अब से बसें हरेक बस स्टाप पर रुक कर जाएंगी।

s