ICC ने युद्ध अपराधों के लिए जारी किए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट BY utrun / March 18, 2023 दिल्ली 17 मार्च : शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया । रूस पर यूक्रेन में युद्ध अपराधों के आरोप लगे है जिसके तहत ही यह वारंट जारी किया गया है। उधर वारंट पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। अब पुतिन के सामने और भी मुश्किल चुतौतियां आने वाली हैं। गौरतलब है कि रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच युद्ध चल रहा है। युद्ध दौरान यूक्रेन ने कई बार रूस पर अत्याचार करने के आरोप लगाए हैं। जिसपर आईसीसी प्रॉसिक्यूटर करीम खान ने एक साल पहले संभावित युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराधों और नरसंहार की जांच शुरू की थी। उधर रूस आरम्भ से ही उस पर युद्ध के दौरान अत्याचार करने के आरोपों को नकारता रहा है। उसका कहना है कि रूसी सैन्य बलों ने यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान कोई भी अत्याचार नहीं किया। लेकिन ICC ने बच्चों के अवैध निर्वासन और यूक्रेन से रूस में लोगों के अवैध हस्तांतरण के शक में पुतिन की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। युद्ध पीड़ित देश यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे महज एक शुरुआत बताया। जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा कि पुतिन गिरफ्तारी वारंट अपमानजनक और अस्वीकार्य है। आईसीसी के फैसले कानूनी रूप से शून्य होते हैं।

s