बीवीएम, यूएसएन में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस

BY utrun / October 12, 2022
लुधियाना/यूटर्न/12 अक्तूबर। बालिकाओं की शक्ति, कौशल और उपलब्धियों को नमन करते हुए भारतीय विद्या मंदिर की ऊधम सिंह नगर शाखा में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। जिसे 'अब हमारा समय है-हमारे अधिकार हमारा भविष्य' के नारे के साथ मनाया गया। 
इस दिवस के महत्व को प्रतिपादित करते हुए कक्षा दसवीं की छात्रा जिया ने अपने वक्तव्य के माध्यम से इसे मनाए की आवश्यकता और महत्व के बारे में बताया। साथ ही इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि यह  दिवस लिंग-पक्षपात की चुनौतियों को समाप्त करने का संदेश देता है। कक्षा नौवीं  की छात्रा गुरलीन कौर ने जोश से परिपूर्ण कविता द्वारा भारतीय नारी के विभिन्न स्वरूपों से सभी को परिचित कराया। कक्षा सातवीं के छात्रों द्वारा इस दिवस पर 'पोस्टर निर्माण गतिविधि' में भाग लिया गया। देश में सभी लड़कियों की दुर्दशा के साथ ही उनकी उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए छात्राओं द्वारा एक भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत किया गया। 
कक्षा प्रथम की नवोदित नर्तकियों ने अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिशु वाटिका के छात्रों द्वारा अति सुंदर कविता पाठ किया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती रंजू मंगल ने अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए समस्त बालिकाओं को अपने भविष्य के सपनों को साकार करने के लिए अनवरत आगे बढ़ने और दुनिया का नेतृत्व करने की अपनी योग्यता तथा शक्ति पर कभी संदेह न करने की प्रेरणा दी।

s