अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर मामला, फंसेंगे कई अस्पताल ! करनैल सिंह नगर में भ्रूण जांच करते गिरफ्तार

आरोपी के खुलासे से कई डॉक्टर हैं 'रडार' पर
BY utrun / September 30, 2022
लुधियाना/यूटर्न/30 सितंबर। महानगर के शहीद करनैल सिंह नगर में सेहत महकमे की टीम द्वारा भ्रूण जांच करने वाले आरोपी करन की गिरफ्तारी के बाद अब कई प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टर जांच के दायरे में आ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने इललीगल तरीके से अब तक करीब 40 महिलाओं के गर्भ की जांच की थी। लिहाजा सेहत महकमा और पुलिस सबंधित डॉक्टरों के बारे में सबूत जुटा रही है।
ऐसे लगाया ट्रैप : गौरतलब है कि गत दिवस शहर के शहीद करनैल सिंह नगर में सेहत महकमे ने मराडो पुलिस चौकी की मदद से रेड  थी। सेहत महकमे को गुप्ता सूचना थी कि वहां गली नंबर तीन स्थित एक मकान में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाकर भ्रूण जांच की जाती है। लड़का-लड़की गर्भ में पलने की जानकारी देने के लिए अच्छी-खासी फीस वसूली जाती है। सेहत महकमे की टीम ने बाकायदा ट्रैप लगा एक गर्भवती महिला को बिचौलिए के जरिए वहां भेजा था। उस महिला से बिचौलिए के जरिए ने करीब बीस हजार रुपये में सौदा तय कर लिया था। वह महिला जब जांच कराने लगी तो सेहत महकमे की टीम ने रेड कर दी थी।
महकमा कर रहा गहराई से जांच : इस मामले में सिविल सर्जन हतिंदर कौर कह चुकी हैं कि अवैध अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण जांच हो रही थी। आरोपी करण से पूछताछ के दौरान अगर शहर के किसी निजी अस्पताल का नाम सामने आया तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। बताते हैं कि कई डॉक्टरों के बारे में आरोपी जानकारी दे चुका है। सेहत महकमे ने फिलहाल उनके बारे में पुख्ता सबूत जुटाने की कवायद तेज कर दी है।
लालच में फंसा करण : जानकारी के मुताबिक आरोपी करण पहले किसी अस्पताल में पीआरओ के पद पर था। जल्दी अमीर बनने के चक्कर में उसने अल्ट्रासाउंड की जांच मशीन दिल्ली से खरीदी थी। अभी तक उसने करीब 40 महिलाओं की जांच की थी। आरोपी के मुताबिक हर महिला से 20 से 30 हजार रुपए में सौदा तय होता था। अब पुलिस इस मामले में यह पता करने में जुट गई है कि आरोपी का लिंक किन-किन अस्पतालों से है या किन-किन लोगों से है, जो उसे ग्राहक मुहैया कराते थे। चौकी मराडों के एएसआई हरबंस सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपी से हजारों रुपए, मशीन व अन्य सामान जब्त किया गया है। आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ जारी है।

s