पंजाब/यूटर्न/4 फरवरी। गुरदासपुर में पड़ोसियों द्वारा बेटे की पिटाई और बेइज्जती से आहत होकर एक व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरदासपुर के मोहल्ला ओंकार नगर मे एक प्रभावशाली परिवार में विवाह समारोह चल रहा था। इस दौरान ई-रिक्शा चलाने वाले लव ने गली में गाड़ियों को खड़ा देखकर अपनी ई-रिक्शा वहां से निकालने की कोशिश की, लेकिन जगह कम होने के चलते ई-रिक्शा नहीं निकल रहा था तो उसने शादी वाले घर में जाकर गाड़ियां साइड करने के लिए कहा। बताया जाता है कि, इसी बात पर शादी वाले घर के चार-पांच लोगों ने ई-रिक्शा चालक युवक लव की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। इतने में ई-रिक्शा चालक युवक के पिता राजिंदर कुमार भी बाहर आ गए। बेटे की पिटाई होते देख वह हमलावारों से मिन्नते करने लगा कि उसके बेटे को छोड़ दो, लेकिन सभी लड़कों ने पिता के सामने ही उसके बेटे की जमकर पिटाई की और दोनों को बइज्जत किया।