लुधियाना/यूटर्न/10 अगस्त। टिब्बा रोड के न्यू शक्ति नगर में 5 दिन पहले बेडशीट में लिपटी मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में एक युवक द्वारा विवाद होने पर दूसरे युवक की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी उसे कंधे पर लादकर एक किलोमीटर तक गया और रास्ते में लाश फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने टिब्बा रोड के आरोपी हर्ष कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक ने उसने अपना नाम ऋतिक बताया था। एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंदरजीत सिंह बोपाराय के मुताबिक, आरोपी हर्ष कुमार लंबे समय से अपने माता-पिता की मौत के बाद घर में अकेला रह रहा है। वह नशे का आदी है। करीब तीन दिन पहले उसकी मुलाकात मृतक से हुई थी। मृतक भी नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 5 अगस्त को दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में हर्ष ने ईंट से युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ज्यादा न चल पाने के कारण रास्ते में फेंकी लाश
हत्या के बाद आरोपी ने लाश को बेडशीट में लपेटा और अपने कंधे पर रखकर करीब एक किलोमीटर तक ले गया। उसका इरादा लाश को बुड्डा दरिया में फेंकने का था। लेकिन न्यू शक्ति नगर से आगे से नहीं चल पा रहा था। जिसके चलते लाश वहीं पर फेंक दी। अगली सुबह घर के सदस्यों ने लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी।
----