वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा बोले—राजकोषीय घाटा जीएसडीपी के 3% तक सीमित रखने का लक्ष्य
गुवाहाटी (Narendra Singh Danu) : असम सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 419.26 करोड़ रुपये के अनुमानित घाटे वाला बजट विधानसभा में पेश किया। बजट सत्र के पांचवें दिन वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने राज्य का वार्षिक बजट प्रस्तुत करते हुए विकास और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
वित्त मंत्री ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष में राज्य की कुल प्राप्तियां 1,51,843.23 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें 1,18,562.23 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियां और 33,281 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पूंजी और आकस्मिक निधि को शामिल करने के बाद राज्य की कुल उपलब्ध राशि 2,88,309.45 करोड़ रुपये तक पहुंचेगी। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान कुल व्यय 1,56,714.88 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है।
बजट के अनुसार, राजस्व मद में 1,18,562.23 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद में 38,152.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अन्य वित्तीय प्रावधानों को जोड़ने पर कुल अनुमानित व्यय 2,85,084.45 करोड़ रुपये रहेगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लेनदेन के आधार पर 3,225 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष रहने का अनुमान है। हालांकि, वर्ष की शुरुआत में मौजूद 3,644.26 करोड़ रुपये के घाटे को समायोजित करने के बाद वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक 419.26 करोड़ रुपये का बजट घाटा रहने की संभावना है।
सरकार ने बजट में राजकोषीय घाटे को राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया है। सरकार का कहना है कि इस वित्तीय रणनीति के जरिए विकास कार्यों को गति देने के साथ वित्तीय अनुशासन भी बनाए रखा जाएगा।