उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए तैयार रहने के निर्देश
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जल्द ही पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) आयोजित करने की तैयारी में है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
आयोग ने पीएसटी के समय निर्धारण को लेकर अभ्यर्थियों से सुझाव मांगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षा का समय इस तरह तय किया जा रहा है, जिससे उम्मीदवारों को अधिक सुविधा मिल सके।
इसके लिए दो विकल्प प्रस्तावित किए गए हैं—मॉर्निंग शिफ्ट और इवनिंग शिफ्ट। मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 5 बजे से 9 बजे तक, जबकि इवनिंग शिफ्ट शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित करने का प्रस्ताव है। अभ्यर्थियों से इन दोनों विकल्पों में से अपनी पसंद बताने के लिए ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से सुझाव देने को कहा गया है।
आयोग की ओर से संकेत दिए गए हैं कि पीएसटी का आयोजन एक ही शिफ्ट में किया जाएगा। प्राप्त सुझावों के आधार पर अंतिम समय तय किया जाएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया को सुचारु और सुविधाजनक तरीके से पूरा किया जा सके।