Pushkar Singh Dhami ने युवाओं को रोजगार का अवसर दिया
देहरादून (Narendra Singh Danu): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
ये नियुक्तियां उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन और पशुपालन विभाग में की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके वर्षों के परिश्रम और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।
धामी ने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का विश्वास बढ़ा है और अब उन्हें समय पर रोजगार मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में स्टार्टअप नीति, स्वरोजगार योजनाएं और युवा प्रोत्साहन कार्यक्रमों के जरिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने विभागों को खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब प्रदेश में बिना सिफारिश के योग्य युवाओं को नौकरी मिल रही है। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।