लुधियाना/यूटर्न/9 जून। लुधियाना में गलत दस्तावेज व स्थिति पेश करके तीन फर्म मालिकों ने फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन करवाई। इस संबंध में राज्य कर एवं आबकारी विभाग की शिकायत पर पुलिस ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित फर्मों ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने के लिए विभाग के समक्ष भ्रामक एवं गलत जानकारी प्रस्तुत की, पहले मामले में थाना शिमलापुरी पुलिस ने एमके ट्रेडर्ज (GSTIN: 03CNAPM5011L1ZC) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत राज्य कर अधिकारी की ओर से दी गई। जांच के दौरान पाया गया कि फर्म ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने के लिए विभाग के समक्ष गलत और मनगढ़ंत तथ्य पेश किए।
पॉल एंटरप्राइज पर भी मामला दर्ज
थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने पाल एंटरप्राइज (GSTIN: 03LWSPS4404B1ZF) के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि फर्म के जीएसटी रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों में गंभीर अनियमितताएं थीं। विभाग का आरोप है कि गलत जानकारी देकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्राप्त किया गया।
वाहेगुरु इंडस्ट्रीज पर भी कार्रवाई
इसी प्रकार वाहेगुरु इंडस्ट्रीज (GSTIN: 03GPLPP5070M1ZD) के खिलाफ भी थाना डिवीजन नंबर-6 में मामला दर्ज किया है। राज्य कर विभाग की जांच में पाया गया कि फर्म ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान वास्तविक तथ्यों को छिपाकर और गलत जानकारी देकर जीएसटी नंबर हासिल किया।
---