ज़ीरकपुर 04 Jan : कड़ाके की ठंड एक बार फिर एक बेसहारा व्यक्ति की जान ले गई। 27 दिसंबर 2025 को जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत के बाद, अब कल रात एक और व्यक्ति ने ठंड से जूझते हुए दम तोड़ दिया। यह घटना प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर करती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात करीब 9:00 बजे जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे खुले आसमान तले रह रहे एक व्यक्ति की भीषण ठंड के कारण मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों के अनुसार, जब व्यक्ति को देखा गया तो उसका शरीर पूरी तरह अकड़ चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अत्यधिक ठंड के कारण वह जिंदगी की जंग हार गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि हर साल सर्दियों में रैन बसेरों और बेसहारा लोगों की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान शीशपाल उम्र करीब 42 वर्ष जोकि मूल रूप से यूपी के संभल जिला का रहने वाला था। इस वक्त यह व्यक्ति प्रीत कॉलोनी में स्थित सब्जी मंडी में काम करता था और पुल के नीचे ही रहता था। मृतक की शीनाखत रामगढ़ भुड़ा में रहने वाले उसके भाई सतीश कुमार ने की हैं।
पुलिस ने बीएनएस 194 के तहत कार्रवाई करते हुए शव परिवार वालों को सौंप दिया है।