बिजली व्यवस्था बदहाल, खंभों पर उलझे तार बने जानलेवा खतरा
*बारिश और हवा में स्पार्किंग, बच्चों की जान पर मंडरा रहा खतरा, विभाग पर लापरवाही के आरोप
जीरकपुर 31 Dec : ढकोली स्थित न्यू गणेश विहार और शक्ति नगर में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्र में बिजली के खंभों पर वर्षों से उलझे तारों का खतरनाक जाल बना हुआ है, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर तारों में स्पार्किंग शुरू हो जाती है और कई बार खंभों के आसपास करंट फैलने की स्थिति बन जाती है। जिस स्थान पर ये खंभे लगे हैं, वहीं बच्चों का रोज़ाना आना-जाना और खेलकूद भी होता है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस कारण महिलाओं और अभिभावकों में भय और तनाव का माहौल है। निवासियों का आरोप है कि वे कई बार बिजली बोर्ड में इस समस्या को लेकर शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया गया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में अभी तक मीटर बॉक्स तक नहीं लगाए गए हैं। कई जगह बिजली मीटर खुलेआम खंभों पर लटक रहे हैं, जो सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो सकते हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि लगाए गए ट्रांसफॉर्मर पर क्षमता से अधिक लोड है, जिसके चलते गर्मियों में बार-बार स्पार्किंग होती है और बिजली सप्लाई बाधित रहती है। विभाग की इस लापरवाही को लेकर लोगों में भारी रोष है। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासन और सरकार के समक्ष बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले हालात सुधारे जा सकें। इस मौके पर शक्ति एनक्लेव निवासी,राधा शर्मा, दीपाली,तिवारी, अनिता झा,गीता,रीना,कल्पना शर्मा,पूजा,अंजू, मंदीप,राकेश सहित कई अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
कोट्स
स्थानीय निवासियों के साथ मौके का जायजा लिया जाएगा और उनकी बिजली की तारों संबंधित जो भी दिक्कत परेशानियां हैं उनका समाधान किया जाए।
मोहन प्रीत सिंह
एसडीओ बिजली विभाग जीरकपुर