इनकम टैक्स द्वारा मोहाली स्थित गर्ग बिल्डर्स, एसआरजी मारबेला, न्यू मारबेला, सिल्वन ग्रीन्स, एपी पेपर मिल्स सहित कई कारोबारी ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। टीमों ने कार्यालयों और आवासीय परिसरों में दस्तावेजों, डिजिटल डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी में इनकम टैक्स की बड़ी रेड, नामी डिवैल्पर मारबेला, गोयल व नेताओं के ठिकानों पर लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई
चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्राइसिटी में इनकम टैक्स विभाग द्वारा शुरू की गई बड़ी कार्रवाई गुरुवार देर शाम तक भी जारी रही। बुधवार को शुरू हुई रेड को प्रिंसिपल डायरेक्टर, पंजाब एंड जम्मू-कश्मीर आशीष के नेतृत्व में अंजाम दिया जा रहा है। इस कार्रवाई के तहत ट्राइसिटी के नामी बिल्डरों, डिवेलपर्स और कुछ राजनीतिक हस्तियों से जुड़े परिसरों पर एक साथ दबिश दी गई।
सूत्रों के अनुसार मोहाली स्थित गर्ग बिल्डर्स, एसआरजी मारबेला, न्यू मारबेला, सिल्वन ग्रीन्स, एपी पेपर मिल्स सहित कई कारोबारी ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। टीमों ने कार्यालयों और आवासीय परिसरों में दस्तावेजों, डिजिटल डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिन्हें विभाग ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। इनमें प्रॉपर्टी से जुड़े एग्रीमेंट, बयाने, सौदे और अन्य लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि चंडीगढ़ के आसपास मोहाली, खरड़ और जीरकपुर क्षेत्रों में प्रॉपर्टी कारोबार में तेजी से आए उछाल की जानकारी विभाग को मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। इसी क्रम में होशियारपुर से पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों को भी रेड में कवर किया गया है।
इनकम टैक्स विभाग की टीमें अभी भी विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही हैं। विभागीय अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी, बेनामी संपत्ति और अनियमित लेन-देन को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों की माने तो विभाग द्वारा मोहाली के कई अन्य बिल्डरों और डिवैल्परों पर भी नजर रखी गई हैं