बिना नंबर प्लेट वाले टिपर से हादसा, बार एसोसिएशन ने जताया रोष
डेराबस्सी 19 Jan : तहसील रोड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिना नंबर प्लेट वाले मिट्टी ढोने वाले एक टिपर ने पैदल जा रहीं दो महिला नोटरी वकीलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों वकील घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार वकील मैडम प्रतिभा और मैडम बबीता अदालत परिसर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान जाम में फंसे टिपर चालक ने लापरवाही से वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे दोनों वकील उसकी चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि आगे अचानक एक मोटरसाइकिल आ जाने से टिपर रुक गया, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।
घटना के बाद वकीलों में भारी रोष देखने को मिला। बार एसोसिएशन के प्रधान विक्रमजीत सिंह दप्पर की अगुवाई में वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और दिन के समय शहर में टिपरों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। वकीलों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से आम लोगों की जान को लगातार खतरा बना हुआ है।
मामले को लेकर एसडीएम अमित गुप्ता ने वकीलों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही संबंधित विभागों के साथ बैठक कर दिन के समय टिपरों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी। साथ ही बिना नंबर प्लेट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।