कार्रवाई न होने पर परिवार ने जाम किया हाइवे
लुधियाना/यूटर्न/9 मार्च। फिरोजपुर रोड पर चुंगी के पास अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती महिला को सड़क पर खड़े हुए तेज रफ्तार इनोवा कार चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कई फीट दूर जाकर गिरी। जिससे महिला गंभीर रुप से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने महिला को मृतक घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर मृतक महिला के रिश्तेदारों ने फिरोजपुर हाइवे जाम कर दिया। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। हालांकि इस वजह से लोग बेहद परेशान हुए। मृतक महिला की पहचान 48 वर्षीय सुरिंदर कौर के रुप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रिश्तेदारों ने बताया कि सुरिंदर कौर मेडीवे अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड थी। वह पांच तारीख को नौकरी से छुट्टी करने के बाद घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान कार चालक ने उसे कुचल दिया। जांच अधिकारी उमेश सिंह ने बताया कि यह घटना 5 तारीख की है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---