चंडीगढ़ 11 Feb : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के कथित उल्लंघन के मामले में दोनों को जालंधर स्थित अपने कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया है।
अधिकारियों के अनुसार, कैप्टन अमरिंदर सिंह को गुरुवार, 12 फरवरी को पेश होने के लिए कहा गया है, जबकि उनके पुत्र रणइंदर सिंह को अगले दिन उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। ईडी दोनों से स्विस बैंक खातों सहित कुछ कथित विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी होने से जुड़े मामलों पर पूछताछ करेगी। एजेंसी को संदेह है कि कुछ विदेशी लेन-देन और संपत्तियों की जानकारी फेमा के तहत घोषित नहीं की गई।
अस्पताल में भर्ती हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह
सूत्रों के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह निर्धारित तिथि पर पेश नहीं हो पाएंगे, क्योंकि हाल ही में उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह घुटनों की समस्या का इलाज करवा रहे हैं। ऐसी स्थिति में ईडी उन्हें पूछताछ के लिए नई तारीख दे सकती है।
रणइंदर सिंह ने पेशी की पुष्टि की
रणइंदर सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ईडी के समन की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून का पालन करने वाले नागरिक के तौर पर वे सभी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देंगे और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।